देवरिया में 249 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले, एक्टिव केस की संख्या हुई 2299

देवरिया। जनपद में कोरोना वायरस तेजी से बढ़ रहा है। प्रत्येक दिन करीब सौ से अधिक लोग संक्रमित मिल रहे हैं। बुधवार को कुल 249 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 11106 हो गई है। इस समय जनपद में एक्टिव केस 2299 है। जबकि अबतक 8684 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में कुल 123 लोगों की अब तक मौत हुई है । होम आइसोलेशन में 1947 लोग हैं। जिला अस्पताल परिसर स्थित एमसीएच विंग एल 2 अस्पताल में 129 लोगों का इलाज चल रहा है।
जनपद में कोविड-19 का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसकी रोकथाम के लिए प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। इससे बचाव के नियमों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस भी सख्ती दिखा रही है और बिना मास्क पहने चल रहे लोगों का चालान भी कर रही है, लेकिन इसका असर कम ही दिख रहा है। सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। सैंपलिंग के साथ ही अन्य जांच बढ़ा दी गई है। लोगों से मॉस्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने तथा 45 वर्ष के ऊपर के लोगों से टीकाकरण कराने की अपील की जा रही है।
1279 लोगों का हुआ टीकाकरण
बुधवार को जनपद के 35 केंद्रों पर टीकाकरण का कार्य हुआ। 2190 लक्ष्य के सापेक्ष 1279 लोगों को वैक्सीन का टीकाकरण किया गया। इन केंद्रों पर 217 बुजुर्गों, 45 वर्ष से ऊपर के 443 लोगों, एक हेल्थ केयर वर्कर, 6 फ्रंट लाइन वर्कर्स को वैक्सीन की प्रथम तथा 612 लोगों को द्वितीय डोज दी गई। कुल उपलब्धि 58.40 प्रतिशत रही।