बीजेपी सैनिक प्रकोष्ठ ने सैनिकों के सम्मान में जलाएं दिये

देवरिया। भारतीय जनता पार्टी पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने कल देर रात दीपावली की पूर्व संध्या पर देश के वीर सैनिकों के सम्मान में रामलीला मैदान स्थित स्मृति स्थल पर दीये जलाये।इस दौरान भारत माता की जय और वंदेमातरम के नारे के साथ देश के लिये अपनी शहादत देने वाले वीर जवानों को नमन किया गया और देश की रक्षा में सीमा पर तैनात सैनिकों की बहादुरी को सलाम भी किया गया।
इसके बाद उपस्थित पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुये भाजपा जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह ने कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता और देवरिया जनपदवासियों से आग्रह है कि इस दीपावली हम सभी एक दीया उन सैनिकों के सम्मान में जलाएं जो निडर होकर देश की रक्षा करते हैं।सैनिकों की अनुकरणीय बहादुरी के लिए उनके प्रति केवल शब्दों से कृतज्ञता ज्ञापित करने की भावना न्याय नहीं कर सकती। हम सीमाओं पर डटे सैनिकों के परिवार वालों के प्रति भी कृतज्ञ हैं।हमें अपने उन जांबाज सैनिकों को भी याद रखना है, जो इन त्यौहारों में भी सीमाओं पर डटे हैं, भारत माता की सेवा और सुरक्षा कर रहे हैं।हमें उनको याद करके ही अपने त्योहार मनाने हैं। हमें घर में एक दीया भारत माता के इन वीर बेटे-बेटियों के सम्मान में भी जलाना है।
पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ भाजपा के जिलाध्यक्ष मेजर सूबेदार राजेश सिंह ने कहा कि आम लोगों की तरह ही सैनिक भी दीपावली अपने घर वालों के साथ मनाना चाहते हैं, लेकिन प्रत्येक सैनिक को घर से ज्यादा अपने देश की रक्षा की चिंता रहती है। देश की रक्षा ही उनका एक मात्र उद्देश्य रहता है। ऐसे सपूतों के लिए प्रत्येक देशवासी को एक दीप जलाना चाहिए। उन्होंने संगठन की इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के छोटे-छोटे आयोजनों से सैनिक का मनोबल मजबूत होता है। जिस तरह हम सैनिकों से उम्मीद रखते हैं कि जब तक सैनिक सीमा पर डटे हुए हैं तब तक हमारा देश सुरक्षित है, ठीक उसी तरह सैनिकों के सम्मान में होने वाले कार्यक्रमों को देख उन्हें लगता है कि हमारे पीछे पूरा देश खड़ा है। इस दौरान रिटायर्ड कैप्टन मन्नन यादव,हरेराम दीक्षित,राजकुमार शाही,अम्बिकेश पाण्डेय,पवन मिश्रा,शशिराय,घनश्याम नायक,दिनेश मिश्रा, अजित नारायण मिश्रा, श्रीनिवास दूबे,महेंद्र निषाद,विनोद तिवारी,अजय कुमार सिंह,लालजी यादव,सुदर्शन प्रसाद,चंद्रगुप्त यादव,सत्यदेव कुशवाहा,सुनील पाण्डेय,रामदास यादव,अनुराग पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।