जमीनी विवाद में चला ईंट-पत्थर, सिपाही और होमगार्ड हुए घायल
तरकुलवा, देवरिया। तरकुलवा थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव में जमीनी विवाद में दो पक्षों में विवाद हो गया। इस विवाद को शांत कराने में पहुंची पुलिस कर्मियों को ईंट व पत्थर मार कर घायल कर दिया गया। विवाद की स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है। जानकारी के अनुसार तरकुलवा थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव में बैरिस्टर गुप्ता एवं सत्येन्द्र मिश्र के बीच कई सालों से जमीनी विवाद चल रहा है। गुरूवार को बैरिस्टर गुप्ता उस विवादित जमीन से सटे रास्ता बना रहे थे। इस पर सतेन्द्र मिश्र के परिजनों ने आपत्ति की। बात को बढ़ते देख बैरिस्टर गुप्ता ने यूपी डाँयल 112 को फोन की।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो पक्षों को समझा बुझा कर शांत कराया। तभी किसी ने पुलिस के वाहन पर ईंट चला दी। ईंट लगने से वाहन का शीशा टूट गया। विवाद बढ़ता गया और दोनो पक्षों से ईंट पत्थर चलने लगा। तभी ईंट वाहन चालक होमगार्ड के जवान संजीव शर्मा एवं सिपाही रामाशीष को लग गयी जिससे दोनों घायल हो गये। तभी सूचना पाकर थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा वहां हमराही सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने घायल सिपाही व होमगार्ड को स्वास्थ केन्द्र तरकुलवा भिजवाया। थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया की गांव में शांति व्यवस्था बनाएं रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस घटना में दोनो पक्षों से दर्जन भर लोगो को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस टीम पर जिसने भी हमला किया है उनकी तलाश की जा रही है। शांति व्यवस्था बनाएं रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है।