देवरिया में सपा के जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी के पति समेत पांच पर दर्ज हुआ केस
सपा महिला जिला पंचायत सदस्य की तहरीर पर हुई कार्रवाई

देवरिया । देवरिया जिले में सपा के जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी के पति समेत पांच लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई समाजवादी पार्टी की सलेमपुर -भाटपाररानी आंशिक सीट से जिला पंचायत सदस्य की तहरीर पर की है। आरोपी अजय यादव के पिता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। भटनी थाना क्षेत्र के मड़पही गांव निवासी अजय कुमार यादव की पत्नी ममता यादव सलेमपुर -भाटपाररानी आंशिक से समाजवादी पार्टी की जिला पंचायत सदस्य हैं। पीड़ित ममता यादव ने एसपी को दी तहरीर में बताया कि तीन जुलाई को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ था। इस चुनाव में शैलेजा यादव पत्नी अजय यादव चुनाव लड़ी थी।
सपा प्रत्याशी शैलेजा यादव भाजपा प्रत्याशी गिरीश चंद्र तिवारी से चुनाव हार गईं। तभी से शैलेजा यादव के पति अजय यादव मुझ पर भाजपा के पक्ष में वोट देने का आरोप लगाकर अपने साथियों के साथ सोशल मीडिया पर टिप्पणी कर रहे हैं। आरोपियों द्वारा लगातार मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ममता यादव के शिकायत पर एसपी के निर्देश पर भटनी पुलिस शैलेजा यादव के पति व सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामइकबाल यादव के पुत्र अजय यादव, पकहाँ गांव निवासी राजन शर्मा, इमामुलहक, रामपुर महुआबारी निवासी सुनील यादव उर्फ पिंटू, बेलहमा रामपुर निवासी बादशाह पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष भटनी श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि एसपी के आदेश पर सपा के जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशी के पति समेत पांच लोगों पर आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।