पागल सियार ने 25 लोगों को काटा, लोगो में दहशत

लार, देवरिया। लार नगर पंचायत के धवरिया वार्ड में एक पागल सियार ने शनिवार की रात को लगभग 25 लोगों का काट लिया। रविवार को सुबह एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने लोग सीएचसी पहुंचे। वहां पर इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होेने पर लोगों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। डॉक्टरों ने किसी तरह से समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत फोन पर मुख्यचिकित्साधिकारी से की। लार नगर पंचायत के धवरिया वार्ड के लोग शनिवार की रात सो रहे थे। गर्मी ज्यादा होने से कुछ पुरुष और महिलाएं घर के सामने चारपाई बिछाकर सो रही थीं। आधी रात को एक पागल सियार वार्ड में घुस आया और सो रहे लोगों को काट लिया। इसमें लालबचन चौहान, भीम चौहान, धर्म चौहान, कलावती देवी, रामप्रीत, सुमित्रा, रामानंद, घुघुली, हरियर, रामसिंगार, रामध्यान, भोलू, छट्ठू, मुन्नी,पप्पू रामानंद, राकेश आदि सहित 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस दौरान उस वार्ड में अफरा तफरी मच गई। चीख पुकार की आवाज सुन पहुंचे लोगों ने आनन-फानन में घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां उपचार हुआ। सुबह जख्मी लोग भाजपा नेता चंद्रभूषण सिंह के साथ एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाने पहुंचे। रैबीज के बदले टिटनेस की सुई लगाकर कर्मचारी ने लोगों को घर जाने को कहा। इस बात से नाराज लोगों ने अस्पताल परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ लापरवाही का भी आरोप लगाया। एंटी रैबीज इंजेक्शन नहीं मिलने की शिकायत भाजपा नेता ने सीएमओ डाँ. आलोक पांडेय से की। चिकित्साधीक्षक डॉ. बीबी सिंह ने बताया कि एंटी रैबीज इंजेक्शन उपलब्ध नहीं था। इसलिए लोगों ने हंगामा किया था। जल्द ही इंजेक्शन मंगवाया जाएगा।