ईद पर प्रशासन रहा मुस्तैद, शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई नमाज
देवरिया। जनपद में ईद के पावन अवसर पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के नेतृत्व में जनपद के सभी अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहे और विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ईदगाहों एवं मस्जिदों पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के सभी पहलुओं की निगरानी की गई, जिससे कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था देखने को नहीं मिली। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ईद की नमाज सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। प्रशासन की मुस्तैदी और सतर्कता के चलते पूरे जनपद में शांति और व्यवस्था बनी रही। अंत में, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने समस्त जनपदवासियों को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
