जमीनी विवाद में बड़े भाई की पीटकर हत्या

रामपुर कारखाना, देवरिया। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के विशुनपुर मुरार गांव में जमीनी विवाद में सगे भाइयों में आपस में झगड़ा हो गया। जिसमें बड़े भाई की पीटकर हत्या कर दी गयी। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच की। इस घटना के बाद आरोपित घर छोड़ कर फरार हो गये। घटना के कारण गांव में तनाव बना हुआ है।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के विशुनपुर मुरार गांव के चंद्रपति यादव (65) कोईलरी से रिटायर होने के बाद देवरिया में अपना मकान बनवाकर अपने परिवार के साथ रहते थे। रविवार को वह जायदाद के बटवारे को लेकर अपने गांव आए थे। जमीन के बटवारे को लेकर पिता बीरन यादव एवं दो भाईयों चंद्रभान व चंद्रदेव यादव के बीच विवाद चल रहा था। रविवार को कुछ कहासुनी के बाद वहां पर माहौल बिगड़ गया। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। दोनों ओर से ईंट पत्थर चलने लगे जिसमें चंद्रपति यादव को गंभीर चोट लग गयी। घायलावस्था में उन्हे गांव वालों की मदद से जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गयी। इस घटना के बाद आरोपित घर छोड़कर फरार हो गये। इस घटना की सूचना गांव वालों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची रामपुर कारखाना थाने की पुलिस ने बताया की तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।