रूई की गोदाम में लगी आग, लाखो का सामान जल कर राख

गौरीबाजार, देवरिया। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के देवगांव के चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज के समीप स्थित रूई के गोदाम में बुधवार को आग लग गयी। आग लगने के कारण लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आसपास के लोगो द्वारा फायर बिग्रेड को सूचना देने पर फायर बिग्रेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद लोगो की सहयोग से करीब चार घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गौरीबाजार उप नगर सहित आसपास के लोगो में इस आग की उठती लपटों को देख कर दहशत व्याप्त हो गया। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नही चल सका है। गोदाम मालिक आग लगने के बाद मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार गौरीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम अर्जुनडीहा निवासी सईद पुत्र मोहम्मदीन ने देवगांव स्थित चंद्रशेखर आज़ाद इंटर कॉलेज के उत्तर तरफ गद्दा बनाने की फैक्ट्री खोली। सईद यहां से थोक भाव में गद्दा, रजाई, रूई से बनी हुई सामानों की बिक्री करता था। रूई की फैक्ट्री और गोदाम पास पास ही था। बुधवार को अचानक दोपहर में तीन बजे रूई की फैक्ट्री में आग लग गयी। आग की लपटों को देखकर आसपास के लोग डर गये। आसपास के लोगो ने तुरंत फायर बिग्रेड को सूचना दी। करीब पौने घंटे बाद फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची, स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के लोग भी मौके पर पहुंचे। फैक्ट्री को बगल से तोड़ कर पानी डाला गया। स्थानीय लोग भी अपने स्तर से आग बुझाने में लगे रहे।
इस आग को देखकर गौरीबाजार एवं आसपास के लोग में दहशत फैल गया। मौके पर भारी भीड़ भी जुट गयी थी। बताया जा रहा है गोदाम में सात ट्रक से अधिक रूई रखी गयी थी। ठंड मौसम को देखते हुए रजाई, गद्दा व अन्य रूई से निर्मित समानों को रखा गया था।
आग से लगभग दस से बारह लाख रूपये मूल्य का सामान जल कर राख हो गया । आग लगते ही फैक्ट्री मालिक और काम करने वाले मजदूर तुरंत मौके से फरार हो गये। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम तक आग पर काबू पाया जा सका , इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर सौरभ सिंह, सीओ रूद्रपुर अंबिका, विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। थाना प्रभारी गौरीबाजार अश्वनी राय ने कहा कि आग कैसे लगी, इसकी छानबीन की जा रही है।