प्रेम प्रसंग में हुई थी युवक की हत्या
चौबीस घंटे में सुलझी हत्याकांड की गुत्थी

मईल, भागलपुर, देवरिया। मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर निवासी काली हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने चौबीस घंटे के अंदर ही सुलझा ली। भागलपुर निवासी काली की हत्या प्रेम-प्रसंग में हुई थी। घटना में शामिल मुख्य अभियुक्त व प्रेमिका को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।
मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर निवासी काली का शव मंगलवार को छित्तुपुर के समीप सरयू नदी से बरामद हुआ था। काली के गले पर चोट के निशान मिलने के बाद से ही परिजनों द्वारा काली की हत्या की आशंका जताई गयी थी। काली के पिता के तहरीर मिलने के बाद पुलिस इस घटना में प्रेम-प्रसंग को ध्यान में रखते हुए जांच करना शुरू कर दिया था। लार थाना क्षेत्र के रंभौली निवासी एक युवक को हिरासत में ले कर पूछताछ की। पुलिस द्वारा युवक से पूछताछ में युवक ने प्रेम-प्रसंग में हत्या की बात कबूल की। पुलिस द्वारा पुछताछ में गिरफ्तार युवक ने बताया कि छित्तुपुर निवासी एक महिला से उसका संबंध है और काली भी उस महिला से प्रेम करता था। घटना की रात में मैं छित्तुपुर पहुंचा तो वहां काली भी पहुंच गया और महिला के साथ संबंध बनाने के लिए जोर-जबरदस्ती करने लगा। महिला द्वारा विरोध करने पर विवाद हो गया और हम दोनो नदी किनारे चले गये। विवाद के दौरान ही आरोपित युवक ने धारदार हथियार से हमला कर काली की हत्या कर दी। शव को नदी में फेंक कर वह अपने गांव चला आया।
जानकारी के मुताबिक आरोपित का महिला से दस वर्षो से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। महिला की शादी सात साल पहले हुई थी। शादी के बाद भी जब महिला अपने ससुराल गयी तो भी आरोपित युवक उससे मिलने के लिए महिला के ससुराल चला जाता था। महिला के दो बच्चे है। महिला चार साल से अपने मायके में रह रही थी, और इसी बीच काली से भी महिला का संबंध हो गया था। आरोपित युवक ने बताया कि दोनो जब महिला से एक साथ मिले तभी दोनो के बीच विवाद हो गया। फिर दोनों में यह शर्त लगी की दोनो में महिला से अधिक प्यार कौन करता है यह तय करने के लिए सरयू नदी के तट पर पहुंचे और नदी का जल हाथ में लेकर कसमें खाई तभी फिर दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गयी और इस कहानी की समाप्ति काली की हत्या तक पहुंच गयी। इस दौरान मईल थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि इस घटना में कुछ अहम सुराग हाथ लगे है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। यह पूरा मामला प्रेम-प्रसंग का है।आरोपित युवक को हिरासत में लेकर पुछताछ हो रही है।