देवरिया टाइम्स,
जनपद के होनहार क्रिकेट खिलाड़ी अनुराग यादव ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ा मुकाम हासिल किया है। अरुणाचल प्रदेश की रणजी ट्रॉफी टीम में उनका चयन होने से पूरे जिले में हर्ष का वातावरण है। अनुराग की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार और गांव का मान बढ़ाया है, बल्कि देवरिया जनपद को भी गौरवान्वित किया है।
मेहड़ा पूर्वां निवासी अनुराग यादव के पिता महेन्द्र यादव समाजसेवी हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। बचपन से ही क्रिकेट के प्रति अनुराग की गहरी रुचि रही है। वह वर्ष 2013 से रविन्द्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम, देवरिया में नियमित रूप से अभ्यास कर रहे हैं। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और लगन ने उन्हें आज रणजी टीम तक पहुंचा दिया, जो उनके क्रिकेट करियर का अब तक का सबसे बड़ा पड़ाव माना जा रहा है।

उनके रणजी टीम में चयन की जानकारी मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। दोस्त इंजमाम खान, शिवम तिवारी, राहुल पटेल, रंजीत चौहान सहित अनेक खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उधर गांव और क्षेत्र में भी उत्सव जैसा माहौल है। पूर्व प्रधान राम आशीष, बेचन यादव, सभासद दिनेश गौतम, धनंजय यादव लल्लू, संजय यादव, अशोक कनौजिया, श्रीराम यादव, लक्ष्मण यादव आधुनिक सहित अनेक गणमान्यों ने अनुराग को सम्मान देते हुए कहा कि उनका चयन क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

अनुराग यादव की यह सफलता साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, नियमित अभ्यास और समर्पण से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। रणजी टीम तक उनका सफर निश्चित रूप से देवरिया और आसपास के युवाओं के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत बनेगा।
