बकरीद पर ईश मोहम्मद ने दी खुद की बली, सुसाइड नोट में लिखा – “लोग जानवरों की बली देते हैं, मैं अपनी दे रहा हूँ”
देवरिया टाइम्स 7 जून 2025,
देवरिया जनपद से बकरीद के दिन एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के उधोपुर गांव में रहने वाले 60 वर्षीय ईश मोहम्मद ने बकरीद के मौके पर बकरे की जगह खुद की कुर्बानी दे दी। उन्होंने खुद का गला रेतकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ईश मोहम्मद ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा था। इस पत्र में उन्होंने लिखा – “लोग अपने घर में बकरे को बेटे की तरह पालते हैं और फिर उसकी कुर्बानी करते हैं। वे भी एक जान हैं। कुर्बानी तो इंसान की होनी चाहिए। मैं अपनी कुर्बानी अल्लाह और उसके रसूल के नाम पर दे रहा हूं। किसी ने मेरा कत्ल नहीं किया है। मुझे सुकून से मिट्टी देना और मेरी कब्र उसी जगह बनाना जहां खूंटा बांधते हैं। किसी से डरने की जरूरत नहीं है।
परिजनों के अनुसार ईश मोहम्मद एक बेहद धार्मिक व्यक्ति थे। बकरीद की सुबह उन्होंने ईद-उल-अजहा की नमाज़ अदा की और घर लौटने के बाद सीधे अपने घर के बाहर बनी झोपड़ी में चले गए। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने झोपड़ी में जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। झोपड़ी में खून फैला हुआ था और ईश मोहम्मद गंभीर अवस्था में तड़प रहे थे।
परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला मानते हुए कार्रवाई की जा रही है।