देवरिया में अकीदत के साथ अदा हुई बकरीद की नमाज, डीएम-एसपी ने दी मुबारकबाद।
ईदगाहों और मस्जिदों में उमड़ा जनसैलाब, कुर्बानी देकर मांगी अमन और खुशहाली की दुआ।
देवरिया टाइम्स 7 जून 2025:
शनिवार की सुबह देवरिया जिले में बकरीद का पर्व पूरे अकीदत और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नहा-धोकर पाकी-साफ कपड़ों में ईदगाहों और मस्जिदों का रुख किया और समय पर ईद की विशेष नमाज अदा की।
देवरिया के मालवीय रोड स्थित ईदगाह में नमाजियों क़ो जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना अशफाक अहमद कासमी ने ईद की नमाज अदा कराई। वहीं अबूबकर नगर की जामा मस्जिद में बांस देवरिया मस्जिद के इमाम अहमद रजा मिस्बाही ने नमाज पढ़ाई। नमाज के बाद लोगों ने देश और समाज की खुशहाली के लिए दुआएं मांगी और परस्पर गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
नमाज के बाद कई लोग सिविल लाइन स्थित कब्रगाह पहुंचे और पूर्वजों की कब्रों पर फातिहा पढ़ा। इस अवसर पर अंजुमन इस्लामिया के सदर जलालुद्दीन खान, सचिव आफताब अहमद और खजांची इजहार उल हक बबलू समेत कई समाजसेवी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
देवरिया जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर और सदर एसडीएम श्रुति शर्मा, सदर सीओ संजय कुमार रेड्डी ने मालवीय रोड स्थित ईदगाह पहुंचकर नमाज के बाद लोगों को ईद की बधाई दी। अंजुमन इस्लामिया कमेटी की ओर से जलालुद्दीन खान ने अपने पदाधिकारियों के साथ इन अधिकारियों का स्वागत बुके देकर किया।
शहर में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में बकरीद का पर्व संपन्न हुआ। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और प्रशासन की सक्रियता से लोग बेफिक्र होकर पर्व की खुशियों में शामिल हुए।