🟦 देवरिया में यातायात समस्या से राहत के लिए 15 लाख रुपये की लागत से बने, डूडा कैंपस के समीप नये पार्किंग स्थल का भव्य उद्घाटन।
✍️देवरिया टाइम्स 27 जून 2025 |
नगर क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या से निपटने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। नगर पालिका परिषद देवरिया द्वारा डूडा कैंपस के समीप नवनिर्मित पार्किंग स्थल का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में देवरिया के सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह एवं जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस सुविधा का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि यह पार्किंग स्थल नगर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि नगर विकास में सभी विभागों की समन्वित भागीदारी अत्यंत सराहनीय है।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने परियोजना को नगरवासियों के हित में एक समयबद्ध और सार्थक प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि यह पार्किंग सुविधा नागरिकों को न केवल सुरक्षित व सुव्यवस्थित वाहन खड़ा करने की सुविधा देगी, बल्कि यातायात जाम से भी राहत दिलाएगी। भविष्य में भी इसी प्रकार की योजनाएं लागू कर नगर के विकास को गति दी जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने जानकारी दी कि लगभग ₹15 लाख की लागत से तैयार इस पार्किंग स्थल में टू-व्हीलर, फोर-व्हीलर, ई-रिक्शा एवं ऑटो के लिए अलग-अलग पार्किंग सुविधा की व्यवस्था की गई है। इस पार्किंग शुल्क में कार/ऑटो: ₹20, ई-रिक्शा/दोपहिया वाहन: ₹10 निर्धारित शुल्क रखा गया हैं।