
देवरिया टाइम्स, 23 मार्च 2026।
जनपद के थाना तरकुलवा पुलिस ने चोरी की दो बड़ी घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक विधि विरुद्ध बालक समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 5 बैटरी, एक इलेक्ट्रिक टुल्लू मोटर, एक इनवर्टर, दो एलईडी टीवी, एक हैंडपंप, चोरी के उपकरण, एक जोड़ी पाजेब, 4 जोड़ी पायल और 4 बिछिया बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में थाना तरकुलवा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 22 मार्च 2026 की रात करीब 11:10 बजे मुखबिर की सूचना पर मलघोल विरैचा गांव के बाहर स्थित बाग से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में, विशाल शाह पुत्र लक्ष्मी शाह निवासी भिखमपुर थाना रामपुर कारखाना
प्रेमकुमार पुत्र रामसजन निवासी राजामंडी थाना मैलानी, जनपद लखीमपुर खीरी (वर्तमान पता मलघोट विरैचा),
उपेन्द्र उर्फ गुच्चू पुत्र बाबूराम निवासी घटैला गाजी थाना कोतवाली
रोहित पुत्र राजू शाह निवासी भिखमपुरा थाना रामपुर कारखाना (वर्तमान पता मलघोट विरैचा)
एक विधि विरुद्ध बालक शामिल है।
गिरफ्तारी के दौरान विशाल शाह के पास से चोरी करने के उपकरण जैसे प्लास, लोहे की छड़, पेचकस, रिंच, सुआ, आरी आदि बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में कबाड़ बीनने के बहाने गांवों में घूमते थे और सुनसान घर या स्कूल को चिन्हित कर रात में ताला तोड़कर चोरी करते थे। चोरी का सामान बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे।
घटनाओं का विवरण:
पहली घटना 7 फरवरी 2026 की है, जिसमें सिधावे वार्ड निवासी रिंकू देवी के घर से सोने-चांदी के जेवर, नगदी व टीवी चोरी हुआ था। इस संबंध में थाना तरकुलवा में मुकदमा संख्या 39/2026 दर्ज किया गया था।
दूसरी घटना 14 मार्च 2026 की है, जिसमें नेशनल कॉन्वेंट चिल्ड्रेन स्कूल, पिपरा बघरा महुआरी में चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर बैटरी, टीवी, सीसीटीवी उपकरण, हैंडपंप, मोटर आदि चोरी कर लिया था। इस मामले में मुकदमा संख्या 82/2026 दर्ज हुआ था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके ठिकानों से चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया है। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी के सोने के जेवर व कुछ टीवी उन्होंने किसन जायसवाल पुत्र अशोक जायसवाल निवासी लाहिलपार थाना बरियारपुर को 90 हजार रुपये में बेच दिए थे। उक्त आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हुई हैं।
आपराधिक इतिहास:
गिरफ्तार अभियुक्त उपेन्द्र उर्फ गुच्चू और विशाल शाह के खिलाफ पूर्व में भी चोरी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। रोहित के खिलाफ भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। इस सफलता पर पुलिस टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक संजय सिंह चन्देल समेत कई पुलिसकर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।


