बनकटा मिश्र के वसुराज का इसरो के अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार में चयन, क्षेत्र में हर्ष

जनपद के बनकटा मिश्र गांव के निवासी दीपक मिश्र के सुपुत्र वसुराज मिश्र का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) तथा एस्ट्रोनॉटिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार के लिए हुआ है।

🔷

यह सेमिनार आगामी 10 अप्रैल को बैंगलोर में स्पेसक्राफ्ट मिशन संचालन (एसएमओपीएस-2026) विषय पर आयोजित किया जाएगा। नमस्कार फाउंडेशन के सचिव उत्कर्ष मिश्रा ने बताया कि वसुराज मिश्र वर्तमान में लॉयड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में कंप्यूटर विज्ञान (एआई एवं मशीन लर्निंग) प्रथम वर्ष के छात्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सेंट जेवियर्स स्कूल, सलेमपुर से हुई है।

🔷

उन्होंने बताया कि इस अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में पूरे भारत से केवल 15 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया गया है, जिनमें वसुराज मिश्र का चयन होना क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव की बात है। सेमिनार के दौरान इसरो सहित विश्व के प्रमुख अंतरिक्ष विशेषज्ञ स्पेसक्राफ्ट मिशन संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा करेंगे और प्रतिभागियों से सीधा संवाद भी करेंगे।

🔷

वसुराज मिश्र ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता एवं बुआ स्वाति तिवारी को दिया है, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं। इस उपलब्धि पर संस्थान के विभागाध्यक्ष डॉ. विजय यादव, सेंट जेवियर्स स्कूल सलेमपुर के प्रधानाचार्य विजयेंद्र शुक्ल सहित ग्रामवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए वसुराज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। पूरे क्षेत्र में इस सफलता को लेकर उत्साह और गर्व का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *