चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर 23 मार्च सोमवार को सायं 6:30 बजे आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम को लेकर देवरही माता मंदिर परिसर में तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान सदर एसडीएम श्रुति शर्मा, नगर पालिका ईओ संजय तिवारी, सीओ सदर संजय कुमार रेड्डी, सदर कोतवाल राकेश राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस अवसर पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में जागरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, देवरिया की विरासत पर आधारित लेजर शो तथा आकर्षक झांकियां शामिल रहेंगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी।
जिला प्रशासन की ओर से जनपदवासियों को सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।



